Tips for Filling Out Government Job Application Forms: सरकारी नौकरी करना अधिकांश युवाओं का सपना होता है। हर साल लाखों युवा सरकारी नौकरी के लिए फॉर्म भरते हैं लेकिन कई उम्मीदवार छोटी-छोटी गलतियों के कारण पहले चरण में ही बाहर हो जाते हैं। आज हम आपको बताएगें सरकारी नौकरी का फॉर्म भरते वक्त किन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान रखने की जरूरत है।
आमतौर पर फॉर्म भरते वक्त होने वाली गलतियां
जल्दबाजी में फॉर्म भर देते हैं और बाद में सुधार का मौका नहीं मिलता। इसलिए इन महत्वपूर्ण बातों का विशेष ध्यान रखें।
1. नाम और जन्मतिथि गलत भरना
फॉर्म में दर्ज नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि हमेशा 10वीं की मार्कशीट के अनुसार ही भरें। यदि आधार कार्ड या अन्य दस्तावेजों में अंतर है, तो पहले उन्हें सही करवाना बेहतर रहेगा।
2. फोटो और सिग्नेचर का गलत फॉर्मेट
अधिकांश उम्मीदवार फोटो अपलोड करते समय निर्धारित साइज और फॉर्मेट पर ध्यान नहीं देते। धुंधली फोटो, गलत बैकग्राउंड या तय सीमा से अधिक KB होने पर आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है।
3. गलत श्रेणी (Category) चुनना
ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी या सामान्य वर्ग का चयन सोच-समझकर करें। एक बार फॉर्म सबमिट होने के बाद श्रेणी बदलना कई भर्तियों में संभव नहीं होता।
4. फीस जमा होने की पुष्टि न करना
कई उम्मीदवार भुगतान करने के बाद तुरंत पेज बंद कर देते हैं। आवेदन तभी पूरा माना जाता है जब पेमेंट स्टेटस “Successful” दिखे और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड हो जाए।
5. अंतिम तारीख तक इंतजार करना
अंतिम दिनों में वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ने से सर्वर स्लो या डाउन हो सकता है। इसलिए आवेदन की प्रक्रिया अंतिम तिथि से कुछ दिन पहले पूरी कर लेना समझदारी है।
फर्जी वेबसाइट्स से कैसे बचें?
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के सामने सबसे बड़ी समस्या नकली वेबसाइट्स और फर्जी नोटिफिकेशन की होती है। इंटरनेट पर कई ऐसे पोर्टल मौजूद हैं, जो सरकारी वेबसाइट जैसे दिखते हैं और अभ्यर्थियों को भ्रमित कर देते हैं।
ऐसे करें असली वेबसाइट की पहचान
- सरकारी वेबसाइट के अंत में सामान्यतः .gov.in या .nic.in लिखा होता है। हालांकि, कई वेबसाइट अलग भी हो सकती हैं।
- भर्ती से जुड़ी जानकारी हमेशा संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से ही लें।
- सोशल मीडिया या व्हाट्सऐप पर वायरल हो रहे हर लिंक पर भरोसा न करें।
- आवेदन करने से पहले नोटिफिकेशन का पीडीएफ डाउनलोड करके ध्यान से पढ़ें।
सही तरीके से आवेदन करने के लिए अपनाएं ये प्रक्रिया
यदि आप चाहते हैं कि आपका आवेदन बिना किसी परेशानी के स्वीकार हो जाए, तो नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करें।
- सबसे पहले भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन ध्यान से पढ़ें।
- अपनी योग्यता, आयु सीमा और जरूरी दस्तावेजों की जांच करें।
- पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी से रजिस्ट्रेशन करें।
- आवेदन भरते समय “Save Draft” विकल्प का उपयोग करें।
- सभी जानकारी भरने के बाद “Preview” में पूरी डिटेल दोबारा जांचें।
- फाइनल सबमिट करने के बाद आवेदन फॉर्म और फीस रसीद की कॉपी सुरक्षित रखें।
इन बातों का रखें ख्याल
- आवेदन के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर हमेशा चालू रखें, क्योंकि आगे की सूचना उसी पर आती है।
- ईमेल आईडी का पासवर्ड सुरक्षित रखें।
- साइबर कैफे से फॉर्म भरवाने पर खुद सभी जानकारी जांचें।
- किसी भी एजेंट या दलाल के झांसे में न आएं, क्योंकि सरकारी भर्ती पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया से होती है।






