अधिकारियों को सलाम ठोकने वाला दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल अब बनेगा बड़ा अफसर, UPSC परीक्षा में हासिल की 667वीं रैंक

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा सिविल सेवा परीक्षा 2022 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है
 

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा सिविल सेवा परीक्षा 2022 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। इस रिजल्ट ने देश को कई नए अफसर दिए हैं। बेहतर रैंक हासिल करने की खुशी जितनी इन लोगों के चेहरों पर नजर आ रही है, इसके पीछे का संघर्ष भी उतना ही चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसी ही एक कहानी दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की हैं, जिन्होंने ड्यूटी के साथ- साथ पढ़ाई करते हुए 667वीं रैंक हासिल की है।

दिल्ली पुलिस परिवार ने ट्विटर के माध्‍यम से साइबर सेल, साउथ वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के हेड कांस्टेबल राम भजन को #UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2022 में 667वीं रैंक हासिल करने पर हार्दिक बधाई दी है। उनकी उपलब्धि कड़ी मेहनत, सच्ची लगन, धैर्य और संयम की एक मिसाल है।

दिल्ली पुलिस के लिए यह एक गर्व का क्षण है क्योंकि उन्हीं में से एक अपने ने इतनी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। हेड कांस्टेबल रहते हुए रामभजन बड़े अधिकारियों को सलाम ठोकता था लेकिन अब UPSC की परीक्षा पास कर खुद बड़ा अफसर बनेगा। रामभजन ने बताया कि ड्यूटी के साथ-साथ पढ़ाई जारी रखना चुनौतीपूर्ण था लेकिन वो अपने लक्ष्य से दूर नहीं हटे और लगातार मेहनत करते रहें। उन्होंने अफसर बनने का सपना देखा था और आज इस सपने को पूरा करने की अपार खुशी है।