CWG 2022: पंजाब के बेटे ने कॉमनवेल्थ गेम में जीता सिल्वर मैडल, भावुक हुई मां ने कही ये बात..

पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना व पंजाब का नाम आज उस समय विश्व स्तर पर रोशन हो उठा जब लुधियाना के वेट लिफ्टर विकास ठाकुर ने 96
 

CWG 2022: पंजाब की औद्योगिक राजधानी लुधियाना व पंजाब का नाम आज उस समय विश्व स्तर पर रोशन हो उठा जब लुधियाना के वेट लिफ्टर विकास ठाकुर ने 96 किलोग्राम वर्ग के वेट लिफ्टिंग मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मैडल जीत लिया। जब विकास ठाकुर के मैडल जीतने की खबर उसके घर लुधियाना में पहुंची तो घर में शादी का माहौल बन गया। पड़ोसी, दोस्त मित्र व रिश्तेदारों का बधाई देने का तांता लग गया। घर वालों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था।



इससे पहले भी विकास ठाकुर 2014 में गलासगो खेलों में सिल्वर मैडल जीत चुके हैं। विकास ठाकुर के पिता ब्रिज लाल ठाकुर ने बताया कि उसने इन राष्ट्रमंडल खेलों में भेजने के समय चढ़दी कलां में रहने और बेस्ट करने हेतु शुभकामनाएं भेंट की। पिता ने भावुक होते हुए बताया कि उनका अपने बेटे के साथ बाप-बेटे का रिश्ता जरूर है, लेकिन हमेशा दोस्ताना संबध रहे। जब उनसे यह पूछा गया कि विकास ठाकुर की उम्र 29 वर्ष हो गई है। अब तो शादी की उम्र है तो पिता ने बताया कि खेलों में जाने के समय उनके बेटे विकास ने उनसे यह वायदा किया था कि इस बार मैडल जीतने के बाद वह शादी कर लेगा। आज तिरंगा लहराने पर केवल उनको ही नहीं गर्व हुआ बल्कि भारत वासियों को हुआ है।


यहां पर बता दें कि आज विकास ठाकुर की माता आशा ठाकुर का जन्म दिन था। माता आशा ठाकुर ने भावुक होते हुए कहा कि आज उनके बेटे ने उनको जन्म दिन का तोहफा दिया है। जब विकास खेलों में वेट उठाता है तो उस समय वह आंखें बंद करके यहीं भगवान के समक्ष प्रार्थना करती रहती हैं कि वह जीत दर्ज करे। आज भी उन्होंने ऐसा ही किया। विकास ठाकुर की बहन एडवोकेट अभिलाषा ठाकुर ने भी अपने भाई की जीत पर गर्व महसूस करते हुए कहा कि इस जीत से हर भारतीय का सम्मान बढ़ा है। उनको तो रक्षा बंधन का गिफ्ट मिल गया है। जब उनका भाई भारत लौटेगा तब बड़े स्तर पर जशन मनाएंगे।