Haryana Rain Alert: हरियाणा में आज हो रही है जमकर बारिश, 12 जिलों में अभी ओरेंज अलर्ट, कल और भारी बारिश की संभावना

हरियाणा में आज मानसून की पहली जोरदार बारिश हुई। सुबह से ही पूरे सूबे में झमाझम पानी बरसा है। सोनीपत, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र व यमुनानगर में मौसम विभाग का ओरेंज अलर्ट रहा।
 

Haryana Rain Alert: हरियाणा में आज मानसून की पहली जोरदार बारिश हुई। सुबह से ही पूरे सूबे में झमाझम पानी बरसा है। सोनीपत, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र व यमुनानगर में मौसम विभाग का ओरेंज अलर्ट रहा। अभी तक का बारिश का जो आंकड़ा मिला है, उसमें यमुनानगर में सबसे ज्यादा 95.5 MM बारिश हुई। 

वहीं सोनीपत में 64.5 और कुरुक्षेत्र व करनाल में 40 एमएम से ज्यादा पानी गिरा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो दिन बारिश का संयोग बना रहेगा। आज सुबह ही बारिश और तेज हवा के अलर्ट आने शुरू हो गए थे। प्रदेश के कुछेक क्षेत्रों को छोड़ कर लगभग सभी स्थानों पर अच्छी बारिश हुई। मानसून की पहली जोरदार बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। धान रोपाई के काम में तेजी आएगी। 

वहीं भारी बारिश के बाद कई शहरों में जल भराव से हालात बिगड़ गए। पानी में ही गाड़ियां बंद हो गई। कुछ निचले क्षेत्रों में तो पानी घरों में भी घुस गया। मौसम विभाग के शाम पांच बजे तक बारिश का जो आंकड़ा जारी किया है, उसमें महेंद्रगढ़ की स्थिति बेहद चौंकाने वाली है। कृषि विभाग केंद्र के पाली सेंटर से जानकारी दी गई कि महेंद्रगढ़ में 24 घटें में 274.5एमएम बारिश हुई है। 

हालांकि आमजन का कहना है कि रात को 2 बजे और फिर सुबह 10 बजे के आसपास 2-2 घंटे के करीब अच्छी बारिश हुई है। लेकिन बारिश 274 एमएम नहीं हो सकती। इतने में तो बाढ़ के हालात हो जाते। इस आंकड़े को सही मानें तो सबसे ज्यादा बारिश आज महेंद्रगढ़ में हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक आज शाम 5 बजे तक यमुनानगर में 95.5एमए, सोनीपत में 64.5एमएम, कुरुक्षेत्र में 41.5 एमएम, कैथल के पुंडरी में 30एमएम, कैथल में औसत 10 एमएम व जींद में 29 एमएम बारिश हुई है। इसी प्रकार करनाल में 40एमएम, गुरुग्राम में 8.5एमएम, मेवात में 8.5एमएम बारिश हुई है। अन्य जिलों के बारिश के आंकड़े फिलहाल नहीं मिले हैं।

अब के हालात की बात करें तो जींद, फतेहाबाद और हिसार को छोड़कर प्रदेश के दूसरे इलाकों में बारिश के हालात बने हुए हैं। IMD ने 11 जिलों सोनीपत, पानीपत, करनाल, चरखी दादरी, रेवाड़ी, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पचकूला, सिरसा व झज्जर में ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इनके अलावा आठ अन्य जिलों में येलो अलर्ट है। यहां आसमान पर बादल छाए हैं। IMD की ओर से बताया गया है कि 9 जुलाई को उत्तर हरियाणा के जिलों में बहुत भारी बारिश की संभवना है। इसके अलावा शेष हरियाणा में भी अनेक स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।