Haryana News: हरियाणा में स्वास्थ्य सुविधाओं का ढांचा होगा मजबूत, स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की होगी भर्ती; मानसून सत्र में अनिल विज का ऐलान 

हरियाणा में विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ ही सदन की कार्यवाही शुरू हो चुकी है।
 

Haryana News: हरियाणा में विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ ही सदन की कार्यवाही शुरू हो चुकी है। सत्र की शुरुआत में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पूर्व विधायक रणसिंह बेनिवाल के निधन का शोक प्रस्ताव पढ़ा। वहीं विपक्ष की ओर से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने इस शोक प्रस्ताव को पढ़ा।

सीएम मनोहर लाल ने मानसून सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत में एथलीट नीरज चोपड़ा को बधाई दी। नीरज ने विश्व एथलेटिक चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत कर हरियाणा के साथ देश का नाम रोशन किया है। सीएम ने नीरज चोपड़ा और उनके परिवार को भी बधाई दी। 

स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की होगी भर्ती

मानसून सत्र में विपक्षी दल कांग्रेस ने स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए तो मंत्री अनिल विज ने बताया कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में PHC और अन्य अस्पतालों की जरूरत के हिसाब से स्थापना के लिए मैपिंग करवाने का फैसला किया है। इसकी रिपोर्ट जल्द ही सरकार को मिल जाएगी। डॉक्टर की मैपिंग करवाने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य होगा।

स्वास्थ्य मंत्री विज ने कहा कि केंद्र सरकार ने भी हरियाणा के कदमों की सराहना की है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में पहले सिर्फ MBBS डॉक्टर की भर्ती होते थे, लेकिन अब सरकार स्पेशलिस्ट डॉक्टर की भर्ती करेगी। स्पेशलिस्ट डॉक्टर के सर्विस रूल भी अलग होंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने दी ये जानकारी

एक सवाल के जवाब में गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि राज्य में चिकित्सा अधिकारियों के कुल 3903 पदों में से 3073 भरे हुए हैं, जबकि 167 डॉक्टर NHM द्वारा दिए गए हैं। इसके अलावा, 941 पदों में से 808 भरे हुए हैं। 162 पीएचसी को नवीकरण और संबंधित कार्यों के लिए चिन्हित किया गया है।